वार्ड नंबर 1 में गंदे पानी के पास खड़ा होकर रोष जताते स्थानीय लोग। संवाद
बावल। कस्बे में बिजली बोर्ड के सामने वार्ड नंबर 1 की कॉलोनी में दूषित पानी भरने से गंदगी फैली है। साथ ही बदबू से लोगों को परेेशानी हो रही है। इसके चलते संक्रामक बीमारियों फैलने की आशंका जताई जा रही है।
जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से कॉलोनी और सीवर का दूषित पानी एक मकान के पास खाली प्लॉट में भरा है जिससे आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल रही है और मक्खी-मच्छरों की भरमार हो गई है।
स्थानीय ईश्वर सिंह ने बताया कि उनके मकान के साइड में स्थित प्लॉट में लगातार पानी भरने से हालात बद से बदतर हो चुके हैं। गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि दुर्गंध के कारण घर में रहना भी मुश्किल हो गया है और परिवार के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रहती है। ईश्वर सिंह का कहना है कि इस समस्या को लेकर वह कई बार जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी उपमंडल बावल के अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
न तो पानी की निकासी की व्यवस्था की गई और न ही समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई कदम उठाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही गंदे और सीवर के पानी की निकासी का प्रबंध नहीं किया गया तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। बरसात के दिनों में पानी का स्तर बढ़ने से आसपास के घरों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी रहती है।