रेवाड़ी। धारूहेड़ा फ्लाईओवर के पास कार का टायर बदल रहे एक व्यक्ति को कंटेनर ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव सावन निवासी ज्ञानचंद के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सावन निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस में नौकरी करता है। वर्तमान में उसकी ड्यूटी फव्वारा चौकी सोहना में लगी है। बीते दिन वह अपने परिवार के साथ चाचा ज्ञानचंद को लेकर गुरुग्राम के शीतला माता मंदिर गया था। जब मंदिर में दर्शन करके वापस गांव सावन जा रहा था तभी धारूहेड़ा फ्लाईओवर के पास मंगलवार सुबह 5 बजे के टायर पंक्चर हो गया। इस दौरान उसके चाचा ने गाड़ी साइड में लगा कर टायर बदल रहे थे। गाड़ी से करीब 25 से 30 मीटर पहले एक रिफ्लेक्टर था। रोड पर साइड में बड़े पत्थर रखकर टायर बदला जा रहा था और गाड़ी में जैक लगा रखा था। चाचा ज्ञानचंद साइड में खड़े थे।
नरेश ने बताया कि उनकी मां, पत्नी और बच्चे गाड़ी के अंदर बैठे थे। थोड़ी देर में एक कंटेनर का चालक गुरुग्राम की तरफ से तेज रफ्तार से आया और रोड पर खड़े चाचा ज्ञानचंद व गाड़ी को टक्कर मार दी। मौके पर चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया। टक्कर लगते ही चाचा ज्ञानचंद रोड पर गिर गए। ज्ञानचंद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।