कोसली। एसडीएम विजय कुमार यादव ने सोमवार को समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कोसली गांव में कई उपभोक्ताओं के पास पेयजल के एक से अधिक बिल आने की समस्या को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं के घर में पानी का एक ही कनेक्शन किया जाए। जो बिल बकाया हैं, उनके बारे में विभाग एक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भिजवाए, जिससे कोई उचित निर्णय लिया जा सके।
एसडीएम ने एक मामले का उदाहरण देते हुए बताया कि कोसली निवासी पवन कुमार को बिजली वितरण निगम ने करीब 28 हजार की अधिक राशि का बिल भेज दिया था जिसे वह जमा करवा चुका है।
उपभोक्ता ने इसकी शिकायत समाधान शिविर में की तो इसे रिजेक्ट कर दिया गया था। बाद में विभाग द्वारा अस्वीकृति का कारण बताए जाने पर मामला उपभोक्ता के पक्ष में गया और अब उसका बिल कम कर दिया गया है। इसलिए शिकायत की अस्वीकृति की वजह अवश्य बताई जानी चाहिए।
समाधान शिविर में बीडीपीओ अनिल कुमार, बिजली विभाग के एसडीओ सुमित कुमार, उप अधीक्षक राजेश कुमार, दलसिंह आर्य, बीर सिंह, रणधीर सिंह, रामभतेरी, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।