बावल। जिला नगर योजनाकार की टीम ने मंगलवार को शहरी व नियंत्रित क्षेत्र बावल में विकसित की जदा रही अवैध कॉलोनी में हुए निर्माण को ध्वस्त कराया।
टीम ने राजस्व संपदा बनीपुर, बावल में लगभग 2 एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में 4 डीपीसी, 1 चहारदीवारी व कच्चे रोड नेटवर्क को ध्वस्त कराया। जिला प्रशासन की तरफ से नियुक्त डयूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में भारी पुलिस प्रशासन की सहायता से कार्रवाई की गई। जिला नगर योजनाकार मंदीप सिंह सिहाग ने लोगों ने अपील की है कि नियंत्रित क्षेत्र व शहरी क्षेत्र में कोई अवैध निर्माण न करें। प्लाॅट खरीदने से पहले कार्यालय से उस कॉलोनी की वैधता बारे सुनिश्चित करें ताकि विभागीय कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचाव हो सके। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लें।
बताया कि अवैध कॉलोनी काटने वाले प्रापर्टी डीलर आम जन को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लॉट बेच देते हैं। इससे सामान्य जनता को तब पता चलता है जब उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू करने पर कार्रवाई की जाती है। उस समय जिस व्यक्ति द्वारा वह प्लाट खरीदा गया है वह अपने आपको ठगा हुआ महसूस करता है। इसलिए आम जन से बार-बार यही अपील की जाती है कि किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लाॅट न खरीदें।