भिवाड़ी। लघु उद्योग भारती भिवाड़ी इकाई प्रथम की मासिक बैठक अध्यक्ष सरजीत यादव के एस एंड एस स्टील्स स्थित कार्यालय में हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
सचिव सीए आरके गुप्ता ने संगठन मंत्र के साथ बैठक की शुरुआत की। इसके बाद पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। सदस्यता बढ़ाने के लिए प्रत्येक सदस्य को एक नया सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया। सितंबर में करीब 10 नए सदस्य जोड़ने का निर्णय लिया गया।
बैठक में राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के उस आदेश पर भी चर्चा हुई, जिसमें एनसीआर में पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध होने वाले क्षेत्रों के उद्योगों को पारंपरिक ईंधन की जगह पीएनजी का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि इस आदेश से प्रभावित उद्योगों की समस्याओं को समझने के लिए प्रवीण गर्ग, विरल गर्ग और इंद्रपाल शर्मा को अधिकृत किया गया है।
वे उद्योगों से फीडबैक लेकर प्रतिवेदन तैयार करेंगे, जिसे प्रांतीय और केंद्रीय कार्यालय भेजा जाएगा। अध्यक्ष सरजीत यादव ने औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रहे बिजली कटौती पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से उद्योगों के कामकाज पर असर पड़ रहा है। विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराकर समाधान कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में आगामी माह विश्वकर्मा जयंती मनाने और नगर परिषद चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील करने पर भी चर्चा हुई। अंत में सदस्य प्रवीण गर्ग ने सभी का आभार व्यक्त किया। कल्याण मंत्र के साथ बैठक का समापन हुआ। इस अवसर पर जिला समन्वयक संजय खन्ना, उपाध्यक्ष विरल गर्ग, प्रवीण गर्ग, दुर्गेश गर्ग, विकास यादव, राजीव नाकरा, एसके शर्मा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।