रेवाड़ी। गांव खरखड़ा के सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने पंचायतों द्वारा नियमों की अवहेलना के खिलाफ एक विस्तृत शिकायत पत्र मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री, मुख्यमंत्री कार्यालय, पंचायत निदेशक, मुख्य सचिव, ग्रामीण विकास विभाग और उपायुक्त रेवाड़ी सहित कई उच्च अधिकारियों को भेजा है। शिकायत के बाद प्रशासनिक हलकों में चिंता जताई जा रही है।
जिले की पंचायत व्यवस्था में रिकॉर्ड सुरक्षा, सचिवालय संचालन और सरकारी आदेशों के पालन को लेकर सतर्कता नहीं बरती जा रही है। शिकायत में कहा गया है कि हरियाणा सरकार ने पंचायत रिकॉर्ड सुरक्षा, सचिवालय के सुचारू संचालन, सचिव की अनिवार्य उपस्थिति और डिजिटल पोर्टल अपडेट के लिए स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए थे लेकिन जिले की अधिकतर पंचायतें इन नियमों की अनदेखी कर रही हैं।
शिकायत के प्रमुख बिंदु
पंचायत रिकॉर्ड निजी घरों में रखा जा रहा है। सरकार ने सभी रिकॉर्ड ग्राम सचिवालय में रखने के आदेश दिए थे लेकिन कई पंचायतें अभी भी रिकॉर्ड को सरपंचों या अन्य व्यक्तियों के घरों में रख रही हैं।
ग्राम सचिवालय बंद रहते हैं
सुबह 9 से शाम 5 बजे तक सचिव की अनिवार्य उपस्थिति का नियम है लेकिन अधिकांश सचिवालयों पर ताले लगे पाए जाते हैं जिससे ग्रामीणों के कार्य प्रभावित होते हैं।
चौकीदार की तैनाती नहीं
70 प्रतिशत से अधिक सचिवालयों में चौकीदार नहीं है, जिससे रिकॉर्ड असुरक्षित है। सरकार द्वारा अनिवार्य किए गए डिजिटल अपडेट को नजरअंदाज किया जा रहा है और सचिवालयों में रखे कंप्यूटर धूल खा रहे हैं। बीडीपीओ व अन्य अधिकारियों को नियमित निरीक्षण का निर्देश है लेकिन इसकी पालना बताई गई है।