रेवाड़ी। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही ने कहा कि उनकी एक साल पूर्व की गई भविष्यवाणी अब सत्य होने वाली है कि माजरा एम्स का शिलान्यास लोकसभा चुनाव-2024 से ठीक पूर्व फरवरी में होगा, ताकि भाजपा अहीरवाल के मतदाताओं को भावनात्मक रूप से अपने पक्ष में करके गुरुग्राम, रोहतक, महेन्द्रगढ़-भिवानी लोकसभा क्षेत्रों के मतदाताओं की वोट हासिल कर सके।
उन्होंने कहा कि जब लगभग तय हो गया है कि फरवरी में माजरा एम्स का शिलान्यास होना है, तब भाजपा में इसका श्रेय लेने की होड़ और अधिक तेज हो गई है। मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, पूर्व सांसद सुधा यादव, केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र सिंह यादव अपनी-अपनी ओर से यह प्रयास कर रहे हैं कि एम्स शिलान्यास की तारीख पहले वे घोषित करके अपने मुंह मियां मिठ्ठू बनकर श्रेय लूट सकें। इसके लिए मुख्यमंत्री ने भी अपने पीए को माजरा एम्स साइट पर भेजकर स्थानीय लोगों से मिलकर यह कहा कि एम्स शिलान्यास एक माह के अंदर हो जाएगा। विद्रोही ने लोगों से आग्रह किया कि वे भाजपा के झांसे में आने की बजाय वोट की चोट से लोकसभा व विधानसभा चुनाव में करारा जवाब दें।