संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के नाहड़, काकोड़िया और नांगल तेजू में स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी विद्यालय काॅमर्स की पढ़ाई शुरू करने के निर्देश शिक्षा निदेशालय ने दिए हैं। इनमें से नाहड़ स्थित विद्यालय में विज्ञान की भी पढ़ाई शुरू होगी। इनमें से दो विद्यालयों में कामर्स एक विद्यालय में विज्ञान और कॉमर्स की पढ़ाई शुरू होने से विद्यार्थियों को काफी सुविधा होगी।
शिक्षा विभाग ने गांव नाहड़ स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में कॉमर्स व विज्ञान संकाय, गांव कोकोड़िया स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी विद्यालय और गांव नांगल तेजू स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में कॉमर्स संकाय शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए निदेशालय ने पिछले माह विद्यालय मुखियाओं से पत्राचार कर विद्यालय में जरूरत के हिसाब से पीजीटी अध्यापकों की संख्या की जानकारी मांगी थी, ताकि चयनित विद्यालयों में जल्द से जल्द संबंधित संकाय के शिक्षक भेजकर पठन-पाठन का कार्य शुरू कराई जा सके।
नाहड़, काकोड़िया और नांगल तेजू गांव के आस-पास कॉमर्स संकाय न होने से इस विषय में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को गांव से बाहर दाखिला लेकर शिक्षा ग्रहण करना पड़ता था। अब तीनों गांवों में स्थित राजकीय विद्यालयों में कॉमर्स की पढ़ाई शुरू होने से विद्यार्थियों को गांव से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। शिक्षा विभाग के मुताबिक चयनित विद्यालय को मौजूदा सत्र में ही इसका दर्जा मिला है। राजकीय स्कूलों में सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर करने के लिए मॉडल संस्कृति स्कूल बनाए गए थे। इन स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता भी दिलाई गई है। इसके बाद जिले के कुछ विद्यालयों को मॉडल विद्यालय का दर्जा दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी कपिल पूनिया ने बताया कि शिक्षा निदेशालय की ओर से जिले के मॉडल संस्कृति स्कूल में कॉमर्स व विज्ञान संकाय शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही विभागीय कार्य को पूर्ण करने विद्यालय में कॉमर्स व विज्ञान संकाय शुरू कर दिया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने में किसी प्रकार की कोई परेशानियों का सामना न करना पड़े।
नाहड़ स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में कामर्स व विज्ञान संकाय, काकोड़िया स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में कॉमर्स और नांगल तेजू स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में जल्द ही कॉमर्स संकाय शुरू होगा।
-
वर्जन:
जिले के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कॉमर्स व विज्ञान संकाय शुरू करने के लिए शिक्षा निदेशालय ने पिछले महीने पत्राचार किया था। अब निदेशालय ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में साइंस व कॉमर्स दोनों संकाय शुरू करने का रास्ता साफ कर दिया है। जल्द ही विद्यालय में कक्षाएं शुरू होंगी।-शिवराज सिंह चौहान प्राचार्य, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी विद्यालय नाहड़।