फोटो : 23दीपावली उपहार बांटते बैंक के पदाधिकारी। स्रोत : प्रवक्ता
भिवाड़ी। एसबीआई बैंक के द्वारा आरबीआई के निर्देश के बाद बुधवार को दीपावली उपहार स्वरूप कोइंस मेला आयोजित किया गया। इसमें एसबीआई के शाखा प्रबंधक सहित कई अधिकारियों ने शहर में मुख्य बाजारों सहित अनेक जगहों पर जाकर लोगों को आवश्यकता के हिसाब से नए सिक्के और नए नोट वितरित किए।
बाजारों और मुख्य सार्वजनिक जगहों पर बैंक की ओर से इस तरह सिक्के और नए नोटों का वितरण देखकर लोगों में कुतूहल का विषय बना रहा।
एसबीआई भिवाड़ी शाखा के एचआर मैनेजर रोहित मित्तल ने बताया कि आरबीआई ने बुधवार को कॉइंस मेला लगाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत भिवाड़ी शहर में भी बुधवार को कोइंस मेला आयोजित किया गया।
इसमें क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत सिंह खरबंदा, एसबीआई के मुख्य प्रबंधक राकेश तांबी और भिवाड़ी शाखा प्रबंधक समिति शर्मा ने 1 रुपये से लेकर 20 रुपये तक के नए सिक्के और 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक के नए नोटों की गड्डी का वितरण किया।
अधिकारियों ने बैंक की कैश वैन के साथ भिवाड़ी के गौरव पथ, भिवाड़ी बाईपास, भिवाड़ी मोड़, मिलकपुर गुर्जर गांव क्षेत्र सहित सेंट्रल मार्केट, यूआईटी सेक्टर-9 में जाकर नए नोटों का वितरण किया।
कैश वैन में क्यूआर कोड और नए नोट बदलने की भी व्यवस्था साथ में की गई थी। एसबीआई कोइंस मेला का लोगों ने भरपूर फायदा उठाया और दीपावली के सीजन पर पुराने नोट देकर नए नोट बदलकर अपने घर लेकर गए।