मैराथन के लिए बस स्टैंड पर पंजीकरण कराते युवा।
- फोटो : Rewari
राष्ट्रीय युवा दिवस पर 12 जनवरी को आयोजित होने जा रही रन फार यूथ मैराथन को लेकर मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी एवं एडीजीपी ओ पी सिंह और उपायुक्त यशेंद्र सिंह के मार्ग दर्शन में जिला प्रशासन के अधिकारी पिछले कई दिनों से तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल राज्यस्तरीय रन फॉर यूथ-यूथ फार नेशन पर आधारित मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेेंगे, इस उपरांत केएलपी कालेज में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
राज्य स्तरीय रन फॅार यूथ-यूथ फॅार नेशन थीम पर आधारित दस किलोमीटर व पांच किलोमीटर मैराथन होगी। मैराथन के लिए निर्धारित रूट आईओसी चौक से दक्ष प्रजापति चौक तक जगह-जगह स्वामी विवेकानंद जी के जीवन आदर्शों पर आधारित प्रेरक संदेश की गूंज सुनाई देगी।
11 की शाम को रेवाड़ी पहुंचेंगे सीएम, सुबह 7 बजे दिखाएंगे झंडी
मुख्यमंत्री मनोहरलाल शनिवार 11 जनवरी की शाम को रेवाड़ी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित हो रही राज्यस्तरीय रन फॅार यूथ-यूथ फॅार मैराथन थीम आधारित दौड़ को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। उपायुक्त यशेन्द्र सिहं ने बताया कि राज्य स्तरीय मैराथन रविवार 12 जनवरी को सुबह सात बजे आईओसी चौक से प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मैराथन उपरांत साढ़े 10 बजे केएलपी कॉलेज में राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे और युवाओं से सीधा संवाद भी करेंगे।
-रन फॉर यूथ-यूथ फॉर नेशन को लेकर युवा वर्ग उत्साहित
चाहे बर्गर की दुकान हो, शापिंग कांप्लेक्स हो या फिर खेल का मैदान हर जगह मैराथन की चर्चा जोरों पर चल रही है। स्टेट लेवल की इस मैराथन में न केवल भाग लेने बल्कि देखने के लिए भी नागरिक बेताब हैं। शहर के दिल्ली रोड स्थित एक बर्गर शॉप पर बैठे युवा हिमांशु, धर्मेश मेहरा, प्रविंद्र और दलीप से मैराथन के लिए पंजीकरण की बात की गई तो उन्होंने तुरन्त बताया कि दौड़ के लिए वह सभी पहले ही आनलाइन पंजीकरण कर चुके हैं, बस अब 12 जनवरी का इंतजार है।