बावल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 19 जुलाई को दोपहर 1 बजे पूरे प्रदेश के राजकीय विद्यालयों की स्कूल प्रबंधन समितियों से वर्चुअल सीधा संवाद करेंगे। इसको लेकर शुक्रवार को स्थानीय पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक हुई। इसमें तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने समिति के सदस्यों से संवाद में भाग लेने की अपील की। उन्होंने विद्यालय में एक वर्ष के दौरान हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के लिए आधुनिक स्टेम लैब स्थापित की गई है।
नए शौचालयों का निर्माण कराया गया है। दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विशेष हॉल तैयार किया गया है। उन्होंने विभिन्न सरकारी अनुदानों के उपयोग और विकास कार्यों पर हुए खर्च का विवरण समिति के सामने रखा।
बैठक के बाद एसएमसी की प्रधान लक्ष्मी देवी और अन्य सदस्यों ने विद्यालय में तैयार किए गए नए प्रकल्पों और विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सदस्यों ने विद्यालय में किए गए विकास कार्यों और संचालित गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसएमसी इंचार्ज एवं भौतिकी प्रवक्ता लाल बहादुर, संस्कृत अध्यापिका संगीता यादव सहित स्कूल प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।