रेवाड़ी में रामगढ़ रोड पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को एक पान मसाला, सुपारी, गुटखा और तंबाकू बनाने वाली इकाई पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में पान मसाला, सुपारी, गुटखा, तंबाकू समेत अन्य सामग्री बरामद होने की सूचना है। मौके पर कई विभागों की टीमें पहुंचीं और दस्तावेजों समेत फैक्ट्री में मौजूद सामान की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित इकाई का लाइसेंस मई माह में ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद यहां उत्पादन और अन्य गतिविधियां संचालित किए जाने की बात सामने आई है। अधिकारियों ने फैक्ट्री से बरामद सामग्री और वहां चल रही गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड, जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) और बिजली विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। अलग-अलग विभाग अपने स्तर पर फैक्ट्री की वैधता, भवन निर्माण, बिजली कनेक्शन और अन्य नियमों से संबंधित पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
फैक्ट्री का मूल पता नूंह जिले से संबंधित बताया जा रहा है वहीं, यह भी चर्चा है कि फैक्ट्री एक महिला अधिकारी के पति से जुड़ी है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई के बाद फैक्ट्री में बरामद सामान और दस्तावेजों को जांच के दायरे में लिया गया है। संबंधित विभागों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।