रेवाड़ी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने नई सब्जी मंडी में बुधवार की रात छापा मारकर मार्केट कमेटी की फीस की चोरी करने के आरोप में एक कर्मचारी को पकड़ा है। साथ ही मार्केट फीस से जुड़े सारे दस्तावेज भी जब्त कर दिए हैं। टीम कर्मचारी से पूछताछ करने में जुटी हुई है। देर रात तक कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही थी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं कि बावल रोड पर स्थित नई सब्जी मंडी में आने वाली सब्जी और फल की गाड़ियों की काटी जाने वाली मार्केट फीस की चोरी हो रही है। सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम के इंचार्ज सूबे सिंह ने बुधवार की रात डेढ़ बजे नई सब्जी मंडी में छापा मारा। इस दौरान वहां पर मार्केट कमेटी के ऑक्शन रिकॉर्डर (नीलामी अभिलेखक) भूपेंद्र सैनी को कमेटी फीस में चोरी करते पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने उसके कब्जे से मार्केट फीस से संबंधित सभी दस्तावेज जब्त कर लिए। टीम में सिंचाई विभाग के एसडीओ संदीप कुमार, मुख्यमंत्री उड़नदस्ते में एसआई सतेंद्र कुमार, एएसआई कर्मपाल, प्रधान सिपाही सुनील कुमार व अजय कुमार शामिल रहे। इस दौरान टीम ने रात को मार्केट कमेटी के सचिव नरेंद्र यादव को भी मौके पर बुलाया।उनसे भी मामले की जानकारी ली।
सब्जियों से लदा ट्रक पहुंचा था मंडी, रजिस्टर में कम दिखाया गया माल
बुधवार की मध्यरात्रि को करीब डेढ़ बजे मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम भारी अमले के साथ बावल रोड स्थित नई सब्जी मंडी पहुंची, यहां पर आजादपुर नई सब्जी मंडी से एक ट्रक सब्जियां लेकर पहुंचा। इसकी रजिस्टर में माल की एंट्री की गई, जब इसका मिलान किया गया तो माल रजिस्टर में कम दिखाया गया था, जबकि ट्रक में ज्यादा माल आया था। इसी तरह रात के समय गड़बड़ी करने की शिकायतें मिल रहे थीं, जिससे मार्केट फीस की चोरी की जा रही थी।
------------
आढ़तियों के पास लाइसेंस न होने की दिन भर रही चर्चा
सब्जी मंडी में कुछ आढ़तियों के पास लाइसेंस न होने की चर्चा वीरवार को दिन भर चलती रही, लेकिन इसकी मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने पुष्टि नहीं की है।
----------
वर्जन:
पिछले काफी समय से मार्केट कमेटी की फीस चोरी करने की सूचना मिल रही थी। बुधवार की रात टीम सब्जी मंडी पहुंची थी, वहां एक कर्मचारी मार्केट कमेटी की फीस की चोरी करता पाया गया। साथ ही दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच चल रही है।
- सूबे सिंह, इंचार्ज, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता।