रेवाड़ी। सीएम फ्लाइंग और आरटीए विभाग की संयुक्त टीम ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर 9 वाहन पकड़े। टीम ने सभी वाहनों को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया और कुल 6 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के निरीक्षक राजेश कुमार और आरटीए विभाग के डीटीएसआई गुरतेज सिंह के नेतृत्व में टीम ने पहले गोकलगढ़ मार्ग पर जांच की। यहां निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलते पांच वाहन मिले। इन पर कुल 3 लाख 81 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके बाद टीम ने एनएच-48 पर जांच अभियान चलाया। यहां चार ओवरलोड वाहन पकड़े गए। इन वाहनों को भी इंपाउंड कर पार्किंग में खड़ा कराया गया। चारों पर कुल 2 लाख 66 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
टीम ने वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक भार नहीं भरने की हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोड वाहनों से सड़क सुरक्षा प्रभावित होने के साथ वाहनों पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है। कार्रवाई के दौरान वाहनों की जांच और वजन संबंधी प्रक्रिया पूरी कर संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की गई। अधिकारियों ने कहा कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।