रेवाड़ी। शहर स्थित बिजली निगम के सब अर्बन और एसई कार्यालय पर मंगलवार को सीएम फ्लाइंग ने छापा मारकर कार्रवाई की। टीम की कार्रवाई से बिजली निगम के दफ्तर में हड़कंप मच गया। इस दौरान अलग-अलग अधिकारियों के कार्यालय में 10 कर्मचारी गैरहाजिर मिले।
सीएम फ्लाइंग की टीम को सूचना मिली थी कि रेवाड़ी शहर के झज्जर रोड स्थित बिजली निगम के सब अर्बन कार्यालय और एसई कार्यालय में बने अन्य अधिकारियों के कार्यालय में कर्मचारी गैरहाजिर होने के साथ शिकायतें भी लंबित हैं। सूचना के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ-1 जतिन कुमार के नेतृत्व में सीएम फ्लाइंग के सब इंस्पेक्टर सतेन्द्र सिंह और उनकी टीम के एएसआई सचिन कुमार, हेड कॉन्स्टेबल अजय कुमार, सुनील कुमार के साथ बिजली निगम के दफ्तर में छापा मारकर कार्रवाई की। सीएम फ्लाइंग के छापे के बाद बिजली निगम के दफ्तर में हड़कंप मच गया। सीएम फ्लाइंग ने जब अलग-अलग एसडीओ और अन्य अधिकारियों के कार्यालय में जाकर हाजिरी रजिस्टर चेक किए तो 10 कर्मचारी गायब मिले। इसके साथ ही एक कार्यालय में करीब आमजन की 10 शिकायतें भी पेंडिंग मिली हैं। सीएम फ्लाइंग के अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट बनाकर आगामी कार्रवाई के लिए मुख्यालय को भेजी गई है।