संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सीएम फ्लाइंग की टीम की ओर से बुधवार को गांव कानमाजरा के निकट स्थित ईंट-भट्ठा व गांव खरसानकी के निकट स्थित एक रेडी मिक्स कंक्रीट प्लांट पर छापे मारकर कार्रवाई की गई। इस दौरान दोनों ही जगहों पर खामियां पाई गईं हैं। खामियां मिलने के बाद संबंधित विभागों द्वारा प्लांट संचालक व भट्ठा संचालक को नोटिस जारी किए गए हैं।
सीएम फ्लाइंग की टीम बुधवार को इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में गांव खरसानकी के निकट स्थित आरएमसी प्लांट पर पहुंची। टीम में प्रदूषण विभाग से एसडीओ हरीश कुमार, खनन विभाग ने निरीक्षक आरजू, नहर विभाग से एसडीओ मुकेश कुमार, जिला नगर योजनाकार विभाग से कनिष्ठ अभियंता धर्मपाल, दमकल विभाग से सब फायर आफिसर मामचंद व बिजली निगम से जेई हरिओम भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्लांट के लिए दमकल से कोई एनओसी नहीं ली गई और न ही कोई उपकरण लगाया हुआ मिला। विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। अन्य सभी रिकार्ड दुरुस्त पाए गए। दूसरी ओर सीएम फ्लाइंग की टीम गांव कानमाजरा के निकट स्थित ईंट-भट्ठा पर एसआई सतेंद्र कुमार की अगुवाई में पहुंची। टीम में खनन विभाग से निरीक्षक आरजू, प्रदूषण विभाग से एसडीओ हरीश कुमार, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से निरीक्षक भारत शर्मा, नहर विभाग से एसडीओ मुकेश कुमार व जेई राहुल और गिरदावर बलदेव सिंह भी शामिल रहे। जांच में पाया गया ईंट-भट्ठा संचालक के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से लाइसेंस नहीं लिया गया था। इस दौरान गांव खड़गवास में नहर के निकट एक खेत में अवैध खनन पाया गया। अवैध खनन मिलने पर खेत मालिक सतदेव को नोटिस भी जारी किया गया है। लाइसेंस नहीं मिलने पर ईंट-भट्ठा संचालक को भी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने नोटिस जारी किया है।