सीएम फ्लाइंग की टीम ने शनिवार को राजस्थान की सीमा के निकट गांव रतनपुर की ढाणी में एक अवैध शराब ठेका सील कर शराब बरामद की है।
पुलिस ने सेल्समैन को गिरफ्तार कर लिया है तथा ठेका चलाने वालों के खिलाफ कसौला थाना में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में लंबे समय से शराब ठेका चलाया जा रहा था, परंतु आबकारी विभाग को इसकी भनक नहीं लग पाई। इससे पहले सीएम फ्लाइंग ने बावल से भी फर्जी शराब ठेका पकड़ा था। सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि गांव जड़थल के निकट राजस्थान सीमा पर स्थित रतनपुर की ढाणी में कुछ लोगों द्वारा बिना किसी अनुमति के शराब ठेका चलाया जा रहा है। शनिवार को सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग में शामिल एसआई सतबीर सिंह, एसआई रामपाल व हैडकांस्टेबल अजय कुमार तथा आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह की टीम ने मौके पर छापेमारी की। ठेका पर टीम को कानपुर के गांव नाना मऊ निवासी सेल्समैन आकाश मिला। आकाश से टीम ने ठेका व शराब से संबंधित लाइसेंस व कागजात मांगे, परंतु वह कुछ भी नहीं दिखा पाया। टीम ने मौके से अंग्रेजी शराब की 13 बोतल, 16 अध्धा व 19 पव्वा, देसी शराब की 40 बोतल, 28 अध्धे व 51 पव्वे तथा 18 बियर की बोतल बरामद की है। सूचना के बाद कसौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। कसौला पुलिस ने सेल्समैन आकाश के अतिरिक्त गांव आसलवास निवासी सुरेंद्र, गांव सांपली निवासी सोनू व कसौला निवासी सुरेंद्र के खिलाफ आबकारी निरीक्षक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी सेल्समैन को गिरफ्तार कर लिया।