रेवाड़ी। चिल्हड़ गांव में एक क्लीनिक संचालक ने अपनी क्लीनिक में आठ सप्ताह की गर्भवती का गर्भपात कर दिया जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। इसकी जानकारी होने पर ड्रग कंट्रोलर की टीम पहुंची और क्लीनिक की जांच की। ड्रग कंट्रोलर टीम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्लीनिक संचालक चिल्हड़ निवासी सुखबीर को गिरफ्तार कर लिया।
पीसी-पीएनडीटी व एमटीपी नोडल अधिकारी डॉ. विद्यासागर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को चिल्हड़ गांव में चलाए जा रहे अवैध क्लीनिक में अवैध गर्भपात की शिकायत मिली। ड्रग कंट्रोलर की टीम के साथ जब टीम मौके पर पहुंची तो क्लीनिक संचालक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।
जांच के दौरान क्लीनिक में अवैध ऑपरेशन थियेटर, सर्जिकल औजार और प्रतिबंधित दवाइयां मिलीं। अवैध क्लीनिक को सील कर दिया।
उन्होंने बताया कि क्लीनिक संचालक ने अपने संपर्क में आई कालूवास निवासी महिला का आठ सप्ताह का गर्भपात कर दिया। इससे महिला की तबीयत बिगड़ गई और डॉक्टरों को उसकी जान बचाने के लिए ऑपरेशन करना पड़ा।
10 मई को महिला आरोपी के क्लीनिक पर आई थी। आरोपी ने रातभर उसे क्लीनिक में रखा और अवैध तरीके से उसका गर्भपात किया।