रेवाड़ी। जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना का विकल्प 16 अप्रैल से आमजन के लिए खुल गया है जो आगामी 30 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगा।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जनगणना 2027 पूर्ण रूप से डिजिटल होगी। 30 अप्रैल तक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि नागरिक स्व-गणना के लिए 16 भाषाओं में से अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं। डीसी ने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर एवं कोड के माध्यम से पंजीकरण करें। इसके बाद डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करें।
परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी व आवास एवं सुविधाओं से संबंधित विवरण भरने उपरांत जानकारी की समीक्षा का फॉर्म सबमिट करें। इसके पश्चात नागरिक को अपनी एसई आईडी प्राप्त होगी। एक मई से 30 मई तक सत्यापन के समय गणना कर्मी को एसई आईडी प्रदान करें।
उन्होंने बताया कि स्व गणना प्रपत्र में 33 प्रश्न शामिल होंगे जिनमें परिवार के सदस्यों का विवरण, मकान का प्रकार एवं स्थिति, पेयजल, बिजली, स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं, सामाजिक-आर्थिक जानकारी, मोबाइल नंबर शामिल है।
1 से 30 मई तक चलेगा मकान सूचीकरण का कार्य
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जनगणना के तहत मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य एक मई से 30 मई तक किया जाएगा। यह कार्य जनगणना की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है जिसके माध्यम से प्रत्येक भवन, मकान एवं परिवार से संबंधित आधारभूत आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों ने स्वयं स्व-गणना की होगी वो हाउस लिस्टिंग के समय एसई आईडी बताकर अपना और जनगणना कर्मियों का समय बचाते हुए सहयोगी बनें।