रेवाड़ी। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) समाप्त होते ही अभ्यर्थियों के केंद्र से निकलते ही शहर के सर्कुलर रोड पर जाम लग गया जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अभ्यर्थी जैसे ही परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले वैसे ही सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई। सायरन बजाने के बाद भी एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल पाया।
कई लोगों ने स्वयं आगे बढ़कर रास्ता साफ करने की कोशिश की लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के कारण स्थिति नियंत्रण में नहीं आ सकी। जाम खुलवाने के लिए पुलिस टीम पहुंची। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को व्यवस्थित करने और रास्ता खाली करवाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कुछ समय तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। जाम के कारण राहगीरों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को इंतजार करना पड़ा। गर्मी और धूप के चलते लोगों की परेशानी और बढ़ गई। कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी से परेशान नजर आए। देर शाम तक धीरे-धीरे जाम खुल पाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।