रेवाड़ी। सावन में खास मिठाई घेवर की मांग बढ़ गई है। खासतौर पर चॉकले, विभिन्न फ्लेवर, ड्राई फ्रूट और शुगर फ्री घेवर की मांग बढ़ी है। दुकानों पर अलग-अलग आकार-प्रकार के घेवर उपलब्ध हैं।
सावन के आगे बढ़ने के साथ ही बाजार में घेवर की अन्य वैरायटी भी उपलब्ध होने लगेगी। दुकानदारों के अनुसार इस समय देसी घी और खोवा से तैयार घेवर की मांग सबसे अधिक है।
आमतौर पर सावन शुरू होने के बाद घेवर की बिक्री में तेजी आती है लेकिन इस बार लोगों ने पहले से ही इसकी खरीदारी शुरू कर दी है। मिठाई विक्रेताओं का कहना है कि सावन के दौरान बाजार में फीका, सादा, मावा, मलाई, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट और शुगर फ्री समेत कई प्रकार के घेवर उपलब्ध रहेंगे।
मैदा और घी से तैयार होने वाला यह पारंपरिक मिष्ठान सावन के त्योहार की खास पहचान माना जाता है। सावन में घेवर की मांग को देखते हुए मिठाई विक्रेताओं ने भी इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। दुकानदारों को इस बार घेवर की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
घेवर की ये है कीमत:
बाजार में सादा घेवर 300 रुपये प्रति किलो, जबकि दूध घेवर 350 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। इसके अलावा केसर ड्राईफ्रूट घेवर 450 रुपये प्रति किलो और मावा घेवर 500 रुपये प्रति किलो में उपलब्ध है। प्रीमियम श्रेणी में चॉकलेट मावा घेवर 700 रुपये प्रति किलो तथा केसर पिस्ता घेवर 800 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।
कई नए फ्लेवर के घेवर भी तैयार
बावल चौक के मिठाई विक्रेता गौरव ने बताया कि इस बार बाजार में सादा घेवर के साथ-साथ कई नए फ्लेवर के घेवर भी तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें ग्राहक काफी पसंद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बरसात और नमी का मौसम घेवर और फैनी जैसे पारंपरिक व्यंजनों के लिए अनुकूल माना जाता है। वहीं, बस स्टैंड स्थित मिठाई विक्रेता रोहित चक्रवर्ती ने बताया कि इस सावन स्वास्थ्य के प्रति सजग ग्राहकों के बीच शुगर फ्री घेवर की भी अच्छी मांग देखने को मिल रही है।