नियम 134-ए के तहत प्राइवेट स्कूलों में दाखिला दिलाने की प्रशासन से मांग करते बच्चे।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की ओर से पिछले दिनों नियम 134ए के तहत दाखिला नहीं देने का एलान किया गया था। नियम 134 ए के तहत 2176 बच्चों के दाखिले होने हैं, लेकिन अभी मुश्किल से सौ ही बच्चों को निजी स्कूल में दाखिला मिल पाया है। दाखिला लेने के लिए बच्चों के पास केवल 2 ही दिन का समय बचा है। वहीं जिला प्रशासन निजी स्कूलों पर कार्रवाई करने की बजाय उनसे दाखिले के लिए निवेदन कर रहा है। बुधवार को दाखिला नहीं मिलने से परेशान बच्चे लघु सचिवालय पहुंच गए। साथ ही उपायुक्त से दाखिला दिलाने की मांग की।
जब इसकी सूचना जिला शिक्षा अधिकारी के पास पहुंची तो वे मौके पर पहुंचकर निजी स्कूल संचालकों से निवेदन करते हुए बच्चों के दाखिले की बात कही। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल सरकारी आदेशों को मानने के लिए बाध्य है। अगर निजी स्कूलों द्वारा दाखिला नहीं दिया जाता है, तो इन पर जो कानूनी कार्यवाही बनती है वो की जाएगी। विभाग द्वारा नियम 134ए के तहत दाखिला नहीं देने वाले स्कूलों की सूची तैयार की जा रही है। 24 दिसंबर की शाम को यह सूची उच्च निदेशालय को भेज दी जाएगी। विभाग की ओर से जो आदेश आएंगे, उनके अनुसार निजी स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी।
--------------------------------------------------------------
2 घंटे तक जमीन पर बैठे रहे बच्चे
न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस तापमान होने के बावजूद भी छोटे बच्चे दो घंटे तक जमीन पर बैठकर निजी स्कूल में दाखिला दिलाने की मांग करते रहे। करीब 1 घंटे बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर उनकी बात सुनी। अभिभावकों ने बताया कि 16 दिसंबर को परीक्षा में पास हुए विद्यार्थियों को स्कूल अलॉट हुए थे। उसके बाद अभिभावक बच्चों के दाखिले के लिए स्कूल जाते है तो स्कूल दाखिला देने से मौखिक रूप से मना कर देते हैं। स्कूलों की शिकायत करने जब अभिभावक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास जाते है तो अधिकारी भी टालमटोल करते हुए दाखिला नहीं देने की बात को लिखित रूप से मांगते हैं, लेकिन स्कूल संचालक लिखिल रूप से दाखिला नहीं देने की बात से मना कर देते हैं। उन्हें रोज नए नियम बताकर घर भेज दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन अभिभावक अपने बच्चों को दाखिला दिलाने की मांग को लेकर सुबह पहले स्कूल जाएंगे। इस मौके पर धर्मेंद्र लखेरा, कोमल, मनीष, अजय, सरोज, कविता सोनी, मनीषा, सोनू, लक्ष्मी देवी आदि मौजूद थे।