संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मुख्यमंत्री फ्लाइंग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीहा में अवैध कीटनाशक गोदाम का भंडाफोड़ किया। इस दौरान करीब 300 किलो कीटनाशक बरामद किया गया, जिसे बिना आवश्यक अनुमति और अवैध तरीके से रखा गया था। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
टीम को अवैध भंडारण की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर संबंधित स्थान पर छापा मारा गया। जांच के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में कीटनाशक मिला। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दस्तावेजों की भी जांच की। प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है।
टीम ने बरामद कीटनाशक को अपने कब्जे में लेकर नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही संबंधित विक्रेता से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कृषि एवं कीटनाशक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।