संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सीबीआई के अधिकारी बुधवार को कुतुबपुर स्थित प्राथमिक स्कूल में पहुंचें। उन्होंने 2014-15 और 2015-16 में पढ़ने वाले बच्चों, उनके माता-पिता के आधार कार्ड मंगवाए। 10 बच्चों और उनके परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड और स्कूल के अन्य रिकॉर्ड अपने साथ ले गए।
सीबीआई अधिकारी ने 2 पेज का प्रोफार्मा भी स्कूल से भरवाया जिसमें बच्चों की डिटेल हैं। स्कूल में करीब 1 घंटे तक स्टाफ सदस्यों से भी जानकारी जुटाई गई। जीजीएसएसएस रेवाड़ी की 12 जून को जांच होगी।
सीबीआई छात्रवृत्ति, यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, स्टेशनरी और मध्याह्न भोजन के लिए 2014-15 और 2015-16 सत्रों के दौरान कार्यालय को प्राप्त धनराशि के विवरण, धनराशि वितरण से संबंधित दस्तावेज, खाता संख्या, खाता धारक का नाम, बैंक का नाम और बैंक की जानकारी ले रही है।
इसके अलावा सीबीआई जांच के दायरे में आए स्कूलों के बैंक खातों का विवरण, जिनमें शिक्षा विभाग पंचकूला कार्यालयों से 2014-15 और 2015-16 सत्रों के दौरान धनराशि जमा की गई है, पात्र अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग-ए और बीपीएल छात्रों के नाम, माता-पिता के नाम, प्रवेश संख्या, खाता संख्या और बैंक का नाम सहित स्कूलवार विवरण जुटा रही है।
इसके अलावा छात्रवृत्ति, मध्याह्न भोजन और वजीफे, धनराशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र आदि के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की तरफ से 10 स्कूलों को पत्र जारी कर बताया गया है कि सीबीआई जांच को लेकर दिन तय कर दिए गए हैं। किस-किस दिन किन-किन स्कूलों में जांच होगी, इसके लिए स्कूल मुखिया को कागज सहित उपस्थित रहना होगा।