बिना टायर के रिम पर गाड़ी दौड़ाते तस्कर। स्रोत : वीडियो ग्रैब
रेवाड़ी। शहर में बुधवार-वीरवार की रात गोतस्करी का मामला सामने आया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और गोरक्षक दल ने तस्करों का पीछा किया। इस दौरान तस्करों ने गोरक्षक टीम पर दो बार फायरिंग करने का प्रयास किया। बाद में गढ़ी बोलनी रोड स्थित एक कॉलेज के पास तस्कर पिकअप वाहन छोड़कर भाग गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वाहन से चार गोवंश को मुक्त कराया गया।
ग्रामीणों को डवाना लालपुर गांव से रात करीब साढ़े 12 बजे पुलिस को गोवंश को उठाकर ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और गोरक्षक दल मौके पर पहुंचा तथा तस्करों की तलाश शुरू की। इसी दौरान गोरक्षकों को कोनसीवास गांव के पास पिकअप दिखाई दी।
वाहन को रोकने के लिए रास्ते में कांटे डाले गए, जिससे उसके टायर पंचर हो गए। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब तीन किलोमीटर तक बिना टायर के रिम पर गाड़ी दौड़ाते हुए पदैयावास की ओर भागता रहा।
पदैयावास के पास गोरक्षक दल तस्करों के करीब पहुंच गया। बताया गया कि इसी दौरान तस्करों ने दो बार फायरिंग की। इसके बाद तस्करों ने पीछा कर रही टीम से बचने के लिए चलती गाड़ी से तीन गोवंश को नीचे फेंक दिया।
गोरक्षक दल ने पीछा जारी रखा। गढ़ी बोलनी रोड पर एक कॉलेज के पास तस्कर पिकअप छोड़कर भाग गए। मौके से एक गोवंश को वाहन से बाहर निकाला गया।
पिकअप में तीन लोग आगे और एक व्यक्ति पीछे बैठा था। पीछे बैठे व्यक्ति पर फायरिंग करने का आरोप है। तस्करों के पास एक बिना नंबर की अन्य गाड़ी भी थी। कसौला थाना पुलिस ने पिकअप कब्जे में लेकर मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वर्जन :
इस मामले को लेकर हमारे पास अभी कोई लिखित में शिकायत नहीं आई है। पुलिस ने पिकअप कब्जे में ली है। सतीश कुमार, प्रभारी, कसौला थाना।