जाट आंदोलन के साथ ही लगातार तीन छुट्टियां शहर के लोगों के लिए भारी पड़ गईं। सोमवार को भी रविदास जयंती के चलते सरकारी प्रतिष्ठानों के साथ ही बैंक बंद रहे।
इसके चलते शहर के करीब सभी एटीएम बूथ खाली हो गए। शनिवार, रविवार के अलावा रविदास जयंती के चलते बैंकों की सोमवार की भी छुट्टी थी। लगातार तीन दिनों की छुट्टी के चलते जिले के 100 के करीब एटीएम में से अधिकांश खाली रहे।
आंदोलन थमने से भी बढ़ा लोड
जिले में जाटों का भी आंदोलन काफी हद तक थमने से भी एटीएम बूथों पर लोगों की संख्या बढ़ गई। सोमवार को लोग बड़ी संख्या में मार्केट में खरीदारी करने के लिए आए। ऐसे में तीन दिनों की छुट्टी के चलते कम कैश होने के बाद लोड भी बढ़ गया और कई एटीएम खाली हो गए।
दस-दस लोगों की लगी लाइन
अधिकांश एटीएम खाली होने के चलते शहर की जिन एटीएम मशीनों पर कैश था, वहीं लोड काफी हद तक बढ़ गया। ऐसे में एटीएम बूथ पर दस-दस लोगों की लाइन पहुंच गई। सबसे ज्यादा लोड शिव चौक स्थित एक निजी बैंक के एटीएम बूथ पर रहा।
---------
लगातार छुट्टियां होने पर इस बात का पूरा ध्यान रखा जाता है कि एटीएम कार्ड धारकों को कोई परेशानी न हो। इसके चलते एटीएम मशीनों में एकस्ट्रा कैश भी डाला जाता है। बावजूद इसके एकस्ट्रा लोड के चलते एटीएम मशीनें खाली हो सकती हैं।
-नरपाल सिंह यादव, एलडीएम, पंजाब नेशनल बैंक