बावल। कस्बे के कसौला चौक के पास 13 अक्तूबर को शराब ठेकेदार से 6.50 लाख रुपये लूट की वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था। महंगी तीन गाड़ियों से आए 14 आरोपियों ने सीधे ऑफिस में घुसकर शराब ठेकेदार पर हमला किया और साढ़े 6 लाख रुपये लूट ले गए। शराब ठेकेदार की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शराब ठेकेदार गांव कसौला निवासी पवन गुर्जर ने जिले में शराब के कई ठेके लिए हैं। एक ठेका उसने कसौला चौक पर लिया है। इसके बगल में उसने आफिर बनाया है जहां वह रोज शराब ठेकों के कैश और बिक्री की शराब के पर्चे एकत्रित कर मिलान करता है। सोमवार को भी कैश व पर्ची एकत्र कर ऑफिस में मिलान कर रहा था। पवन गुर्जर का आरोप है कि तीन लग्जरी गाड़ियों से 14 लोग आए और ऑफिस में घुसकर हमला कर दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए हमलावर 6 लाख 50 हजार रुपये लेकर भाग गए। शोर सुनकर पास में शराब ठेके पर मौजूद कारिंदे पहुंचे और उसे संभालते हुए पुलिस को सूचना दी। पवन ने शिकायत में कहा है कि चार लोगों के इशारे पर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने घायल पवन को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
वर्जन
पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले में अभी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -शिवदर्शन, प्रभारी, कसौला थाना।