संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। भिवानी रेल लाइन पर किशनगढ़ बालावास स्टेशन के समीप 21 अगस्त को झज्जर के साल्हावास निवासी सोनू ने ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। आत्महत्या से पहले सोनू वीडियो बनाकर दोस्तों को भेजा था, जिसमें प्रेम विवाह करने वाली पत्नी व उसकी सहेली सहित पांच लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था।
वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी ने मृतक की मां रोशनी देवी की शिकायत पर मृतक की पत्नी, भाई, मां, सहेली राजस्थान बहरोड़ निवासी दंपती के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मुकदमा दर्ज किया है। जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भिवानी रेल लाइन पर 21 अगस्त को रेलवे ट्रैक पर शव के पास एक टूटा मोबाइल फोन पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने के प्रयास किया था। बाद में मृतक की पहचान झज्जर के साल्हावास के रहने वाले 30 वर्षीय सोनू के रूप में हुई थी।
जीआरपी को दी गई शिकायत में रोशनी देवी ने बताया कि बेटे सोनू ने गत वर्ष आठ दिसंबर को गुरुग्राम के पटौदी निवासी महिला के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद पत्नी सोनू को लेकर अपनी सहेली के घर बहरोड़ जाती रहती थी। आरोप है कि सोनू को घर के बाहर ही छोड़कर उसकी पत्नी सहेली के घर में लंबा समय बिताती थी। इसी बात को लेकर आए दिन उनके बीच झगड़ा होता था।