रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित संगवाड़ी के पास सोमवार तड़के उज्जैन के महाकाल से पालकी में कलश लेकर सोनीपत जा रहे श्रद्धालुओं के एक जत्थे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में 3 श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद कार चालक मौके से भाग गया। हादसे में पालकी भी खंडित हो गई।
जानकारी के अनुसार सोनीपत जिले के गांव दीपालपुर निवासी 30 युवक मध्यप्रदेश में उज्जैन के महाकाल मंदिर से पालकी में कलश लेकर 4 जून को सोनीपत स्थित अपने गांव के लिए रवाना हुए थे। सोमवार सुबह करीब 4 बजे जब वे जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित संगवाड़ी के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही एक सफेद रंग की कार ने उनकी पालकी को टक्कर मार दी। हादसे में पवन व कर्मबीर सड़क से कुछ दूरी पर जा गिरे और जयदीप दूसरी तरफ गिर गया। हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं हैं। साथ ही पालकी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से भाग गया। जत्थे में चल रहे अन्य युवकों ने घायलों को संभाला और तुरंत रेवाड़ी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद कसौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल जयदीप की हालत ज्यादा खराब होने पर उसे रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पवन की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।