रेवाड़ी में एक बार फिर से तेज रफ्तार ने दो परिवारों को झकझोर दिया। सात दिन पहले हुई शादी के दौरान ससुराल पक्ष से मिली कार के
अनियंत्रित होकर पलटने से न केवल घर का चिराग बुझ गया बल्कि हादसे का शिकार हुए दूसरे युवक की मौत ने खुशियों को मातम में बदल गया। बुधवार रात महेंद्रगढ़ रोड पर हुए इस दर्दनाक हादसे में जहां दो युवकों की मौत हो गई। वहीं दो युवक गंभीर घायल हो गए। घायल युवकों की माने तो अचानक आगे आई गाय को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ। हादसे में स्पीड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कार दो बार पलटते हुए सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई जिससे पोल टूट गया, कार के भी परखच्चे उड़ गए। फिलहाल घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं गुरुवार सुबह मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सौंप दिया है। मृतक शहर के मोहल्ला सुभाष बस्ती के रहने वाले थे।
--------
एक की हफ्ते भर पहले हुई शादी, दूसरे की एक माह बाद
जानकारी मुताबिक मोहल्ला सुभाष बस्ती निवासी करन (19) की शादी चार मई को हुई थी। घर में इकलौते बेटे करन को शादी में ससुराल पक्ष की ओर से कार मिली थी। वहीं मोहल्ले के ही रहने वाले प्रदीप (20) की शादी अगले महीने ही होनी तय हुई थी। प्रदीप दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। जानकारी मुताबिक बुधवार शाम को करन नई कार लेकर घर से निकला था, साथ में प्रदीप, महेंद्र, नवीन और राहुल थेे। सभी बुधवार रात को झज्जर रोड पर अपने दोस्तों से मिलने गए थे। वापस लौटते समय रात करीब दस बजे हादसा हुआ।
----------
-अचानक सामने आई गाय, हुआ हादसा
घायल युवकों के मुताबिक कार महेंद्र कार चला रहा था। महेंद्रगढ़ कट के पास पहुंचते ही अचानक एक गाय सामने आ गई। गाय को बचाने के चक्कर में कार मुड़ी तो वह असंतुलित हो गई। तेज रफ्तार होने के चलते कार दो बार पलटते हुए सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। स्पीड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कार की टक्कर से पोल टूट गया, वहीं कार के भी परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी राहगीरों ने स्थानीय रामपुरा थाना पुलिस को दी और घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया। ट्रामा सेंटर के चिकित्सकों ने करन और प्रदीप को मृत घोषित कर दिया।
--------------
हादसे में दो युवकों की मौत हुई, वहीं दो घायल हुए हैं। मामले में सामान्य कार्रवाई कर मृतकों का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द किया है।
-सतबीर, जांच अधिकारी, रामपुरा थाना।