शिक्षा सदन में फूलों के पौधे वितरित करते डॉ. रामजी जयमल व संस्था के सदस्य। स्रोत : संस्था
रेवाड़ी। हरियाणा के फ्लावर मैन के नाम से प्रसिद्ध सिरसा के गांव दड़बी निवासी डॉ. रामजी जयमल ने शनिवार को रेवाड़ी में फूलों के पौधों का वितरण किया। स्वयंसेवी संस्था मृदुल आश्रय के बैनर तले कर्नल राव राम सिंह चौक स्थित शिक्षा सदन से इस अभियान की शुरुआत की गई।
डॉ. जयमल सुबह सात बजे अपने वाहन से सिरसा से फूलों के पौधे लेकर रेवाड़ी पहुंचे और संस्था के संचालक देवेंद्र रुस्तगी के साथ मिलकर करीब 250 सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों तथा नागरिकों को पौधे वितरित किए।
कार्यक्रम में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया, उप जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी रेवाड़ी मनोज कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी खोल सत्यवीर नाहड़िया, राजीव रुस्तगी, दया राम यादव और सुखराम यादव मौजूद रहे।
डॉ. रामजी जयमल ने बताया कि वे वर्ष 1998 से इस अभियान से जुड़े हैं। वर्ष 2009 से उन्होंने इसे स्वच्छता और सुंदरीकरण के उद्देश्य से लगातार आगे बढ़ाया है।
अब तक करीब 60 किस्मों के फूलों के पौधे वितरित करते आ रहे हैं। उनका अभियान हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और पूर्वांचल के सात राज्यों तक पहुंच चुका है। संवाद