संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने औद्योगिक इकाइयों में हवा और पानी की गुणवत्ता जांचने के अभियान चलाया है। विशेष रूप से उन 150 कंपनियों को जांच के दायरे में लिया गया है, जिनके उत्पादन कार्य में पानी का अधिक इस्तेमाल होता है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमें रैंडम आधार पर फैक्टरियों का निरीक्षण कर रही हैं। जांच के दौरान कंपनियों से निकलने वाले तरल अपशिष्ट और चिमनियों से निकलने वाले धुएं के सैंपल लिए जा रहे हैं।
इन सैंपलों को जांच के लिए गुरुग्राम स्थित क्षेत्रीय लैब भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट आने में करीब 10 दिन का समय लगेगा। यदि किसी कंपनी के सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे तो संबंधित इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
औद्योगिक क्षेत्रों में कंपनियों से निकलने वाले जहरीले धुएं को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण बोर्ड ने जिले में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का फैसला लिया है।
रेवाड़ी शहर में अब रियल टाइम एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) डेटा उपलब्ध कराने की तैयारी भी शुरू हो गई है। इसके लिए अहीर कॉलेज में नई एक्यूआई मॉनिटरिंग मशीन लगाने का प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया है।
फिलहाल धारूहेड़ा नगर पालिका कार्यालय की छत पर लगी मशीन के आंकड़ों के आधार पर ही अनुमान लगाया जाता था।एसडीओ अजय यादव ने बताया कि 31 मई तक सभी औद्योगिक इकाइयों की जांच पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।