रेवाड़ी। आईजीयू में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थी। स्रोत: विवि
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में सोमवार को द्वितीय सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर का शुभारंभ हुआ। इसमें देश के 16 राज्यों से 200 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रोफेसर जयप्रकाश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय एकता शिविर व्यक्तित्व के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। यह एक बेहतरीन इंसान बनने में सहायक होता है। 7 दिनों तक ये विद्यार्थी जो अब तक शायद एक दूसरे से अनजान हों, साथ रहकर काम करेंगे। शिविर में हरियाणा, उड़ीसा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, असम, त्रिपुरा, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और केरल आदि राज्यों के स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। सभी प्रतिभागी अपनी संस्कृतियों का आदान-प्रदान करेंगे और विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लक्ष्मण सिंह यादव ने विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई को बधाई दी कि उन्होंने दूसरे वर्ष यह शिविर आयोजित किया गया है। 16 राज्यों की संस्कृतियों की झलक देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि एक विद्यार्थी जब राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ता है तो वह अपने आप को स्वयंसेवक समझता है। इस प्रकार के शिविरों का आयोजन उन स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित करने का मौका देती है। विशिष्ट अतिथि पदमश्री डॉ. एसएस यादव रहे।