संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग ने हरियाणा पंचायत राज निर्वाचन नियम 1994 के तहत पंचायती राज संस्थाओं के पंच व सरपंच के प्रस्तावित उप चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची को अपडेट करने का निर्णय लिया है। इसको लेकर मंगलवार को हरियाणा राज्य चुनाव आयोग की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिशा-निर्देश दिए गए।
जिले की पंचायती राज संस्थाओं के 22 पंच व 1 सरपंच व एक पंचायत समिति के सदस्य के उपचुनाव होने हैं। कार्यवाहक डीसी अनुपमा अंजलि ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग की ओर से 12 सितंबर 2024 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची अनुसार अपडेट मतदाता सूची तैयार की जा रही है। 5 अप्रैल तक विधानसभा की वर्तमान वोटर लिस्ट को हर एक गांव के वार्ड अनुसार भिजवाने का कार्य किया जा रहा है। मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन 11 अप्रैल को किया जाएगा। 18 अप्रैल दावा या आपत्ति जमा की जा सकती है। उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल तक दावों एवं आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। 25 अप्रैल तक जिला निर्वाचक अधिकारी (पंचायत) के निर्णय के विरुद्ध डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के समक्ष अपील दायर की जा सकती है। 6 मई तक अपीलेंट अथॉरिटी द्वारा दायर अपील का निपटारा करने के बाद 13 मई को मतदाता सूची का फाइनल प्रकाशन कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नई संशोधित मतदाता सूची तैयार करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अभिषेक मीणा ने सात खंडों में निर्वाचक पंजीयक अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी है। रेवाड़ी ब्लॉक में एसडीएम रेवाड़ी सुरेंद्र सिंह, बावल में एसडीएम बावल उदय सिंह, नाहड़ में एसडीएम कोसली विजय कुमार यादव, धारूहेड़ा में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कुमार, खोल में सीटीएम प्रीति रावत, डहीना में जिला राजस्व अधिकारी प्रदीप देशवाल तथा जाटूसाना में जिला परिषद के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चौहान को जिला निर्वाचक अधिकारी पंचायत लगाया गया है।