कोसली। एक सप्ताह से गुरुग्राम बस डिपो की बसों का कोसली-गुरुग्राम मार्ग पर संचालन बंद होने से दैनिक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग पर पड़ने वाले गांवों के नौकरी-पेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना गुरुग्राम व दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है।
दैनिक यात्रियों का कहना है कि बस सेवा बंद होने के कारण सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हो रही है, जो प्रतिदिन नौकरी के सिलसिले में गुरुग्राम और दिल्ली जाते हैं। निजी वाहनों से सफर करने पर खर्च बढ़ने के साथ ही यातायात की वजह से समय पर पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में सरपंच रामकिशन जांगड़ा, जिला पार्षद एडवोकेट जीवन हितैषी और रामफल कोसलिया ने विभाग के अधिकारियों को शिकायत देकर बंद बस सेवा को दोबारा शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए रोडवेज बस आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। पिछले एक सप्ताह से सेवा बंद होने के कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने विभाग से मांग की कि कोसली-गुरुग्राम मार्ग पर बंद की गई बस सेवा को जल्द-से-जल्द बहाल किया जाए, ताकि दैनिक यात्रियों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए विभाग को इस मार्ग पर बसों का संचालन पुन: शुरू करना चाहिए।