रेवाड़ी/बावल। जिले में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को चोरी के तीन बड़े मामले सामने आए हैं। दो मामले बावल से और एक मामला रेवाड़ी शहर का है। इन तीनों मामलों में करीब 30 लाख रुपये का अलग-अलग व्यापारियों को नुकसान हुआ है।
बावल में पुलिस थाने के मात्र 500 मीटर के दायरे में 24 घंटे के अंदर तीन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। रविवार को भी चोरी का एक मामला सामने आया था, जिसकी अभी पुलिस जांच कर ही रही थी। लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए सोमवार को बावल के व्यापारी गुस्से से आग बबूला हो गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। दुकानें बंद कर बैठ गए। बावल में सभी दुकानदार एकत्रित होकर थाना प्रभारी से मिलने के लिए भी पहुंचे।
इस दौरान अपना रोष भी जाहिर किया। साथ ही लगातार हो रही चोरी की वारदातों को रोकने की गुहार लगाई। व्यापारियों ने चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल बावल के दुकानदारों का कहना है कि अगर 24 घंटे में कोई गिरफ्तारी नहीं होती है तो बाजार बंद करके धरना दिया जाएगा। दुकानदारों ने चौकीदार लगाने की भी मांग की है। बाजार में एक मीटिंग का भी आयोजन किया गया गया। इस दौरान व्यापार मंडल के प्रधान नरेश जैलदार, नगर पालिका उप प्रधान अर्जुन चौकन, समाजसेवी अनिल रायपुर, पार्षद रमेश व अन्य लोग भी मौजूद रहे।
केस 1 : 1.5 लाख रुपये व साढे 3 लाख का सामान चोरी
बावल के कानूनगो मोहल्ला निवासी लोकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने बावल रोड में जीईएन एक्स फैशन हब नाम से कपड़ों की दुकान खोल रखी है। रोजाना की तरह वह रविवार की रात को करीब 8 बजे के आसपास अपनी दुकान को बंद करके घर चला गया था। सोमवार की सुबह करीब 5 बजे उसे चाचा के बेटे का फोन आया और बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। इसी दौरान वह अपने बड़े भाई के साथ दुकान पर पहुंचा। उसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। कुछ समय बाद पुलिस भी वहां पर आ गई। मौका मुआयना किया तो देखा कि टी-शर्ट, पैंट, शर्ट जूते व अन्य सामान गायब था। गल्ले में रखा कैश भी नहीं था। सामान की कीमत साढ़े लाख रुपये और करीब डेढ़ लाख कैश था।
-
केस 2 : आभूषण की दुकान का तोड़ा ताला, चाेरी का प्रयास
पुलिस को दी शिकायत में बावल के गुजरान चौक निवासी इशु ने बताया कि वह उसने विल्सन गंज बाजार में सोनी आभूषण के नाम से दुकान कर रखी है। रोजाना की तरह रविवार को रात करीब 8 बजे वह अपनी दुकान बंद करके घर चला गया था। सोमवार को सुबह करीब साढ़े 9 बजे के आसपास वह अपनी दुकान पर आए तो देखा कि ताला टूटा हुआ था। उसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। शटर खोलकर सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर मालूम चला कि रात करीब 7 बजे के आसपास तीन लड़कों ने ईटों से ताला तोड़ने की कोशिश की थी और दुकान के अंदर घुसकर चोरी करने का प्रयास किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
-
केस 3 : दुकान से 21 लाख रुपये के गहने चोरी
जैनपुरी निवासी सचिन जैन ने बताया कि उसकी रेवाड़ी शहर के गोकल बाजार नजदीक घंटेश्वर मंदिर के साथ श्री शांति नाथ ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। रविवार को शाम करीब 5:30 बजे वह दुकान बंद करके चला गया था। सोमवार सुबह करीब सवा 9 बजे उसने दुकान खोली तो सारा सोने चांदी का सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। इसके बाद उसने दुकान को संभाला तो पाया कि दूसरी मंजिल पर बना लोहे का जंगला टूटा हुआ था। सचिन ने बताया कि अंदर से ही जंगले को उन्होंने ताला लगा रखा था। दरवाजे में खिड़कियां भी टूटी हुई थी। दुकान से करीब 100 ग्राम के सोने का आभूषण, करीब 15 किलोग्राम के आसपास की चांदी के आभूषण चोरी थे। 21 लाख का नुकसान हुआ है।
वर्जन:
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही तत्परता से जांच भी शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-संजय कुमार, प्रभारी, थाना बावल।