रेवाड़ी। शहर में धड़ल्ले से बिना मंजूरी के निर्माण कार्य ग्रैप-3 की पाबंदी के बावजूद चल रहे हैं। ग्रैप-3 के नियमों को लागू करने के आदेश पूरी तरह बेअसर साबित हो रहे हैं।
सचिवालय के सामने सदर पुलिस थाने के बिल्कुल निकट स्थित वेयरहाउस में दीवार का निर्माण कार्य चलता रहा। मौके पर बुलडोजर लगातार चलता और मजदूरों की आवाजाही भी होती रही। यह पूरा काम खुले में और धूल उड़ाते हुए हुआ।
इसके अलावा शहर के मॉडल टाउन क्षेत्र में भी स्थिति यही रही। जिला सचिवालय के पास ही दिनभर सीसी (कंक्रीट) रोड का निर्माण जारी रहा। मजदूरों द्वारा मिक्सर मशीनें चलाकर सड़क निर्माण का काम किए जाने से इलाके में धूल का स्तर तेजी से बढ़ता रहा।
बनीपुर चौक पर सड़क दो दिन पहले टूटी हुई है जिसके कारण वाहन गुजरते ही धूल के बड़े गुब्बार उड़ते हैं। यहां सड़क की मरम्मत के नाम पर कोई कार्य नहीं किया जा रहा, उल्टा टूटी सड़क प्रदूषण का बड़ा कारण बन गई है।
अनाज मंडी मार्ग के पास निर्माण सामग्री खुले में रखी हुई है जिससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है। यह सब तब हो रहा है जब प्रदूषण विशेषज्ञ लगातार सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। मामले में जब प्रदूषण बोर्ड से बातचीत की तो बताया गया कि उनके पास निर्माण कार्य को लेकर कोई अनुमति के लिए आवेदन नहीं किया गया है।
जयसिंहपुर खेड़ा क्षेत्र में खुले में लगे बजरी-रोड़ी के ढेर
जयसिंहपुर खेड़ा क्षेत्र में बजरी और रोड़ियों के बड़े-बड़े ढेर खुले में पड़े हुए हैं। न तो इन्हें ढका गया है और न ही इनके ऊपर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों की लगातार आवाजाही से बजरी की धूल आसपास के पूरे क्षेत्र में फैल रही है जबकि ग्रैप-3 के तहत निर्माण सामग्री को खुले में रखने पर सख्त रोक है। शहर में सीसी रोड परियोजनाओं का काम भी चल रहा है। कुछ जगह पर कार्य को रोका गया है। पूरे जिले में इस समय कई स्थानों पर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।
अधिकतम एक्यूआई 265 दर्ज
रविवार को अधिकतम एक्यूआई 265 दर्ज किया गया है। शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक रेड जोन में पहुंच गया था और अधिकतम स्तर 302 दर्ज किया गया था। सर्कुलर रोड, दिल्ली रोड, धारूहेड़ा, बावल, हाईवे किनारे औद्योगिक क्षेत्र और शहर की मुख्य सड़कों पर प्रदूषण का असर सबसे ज्यादा दिखाई देता है।
-
वर्जन :
जिन निर्माण कार्यों के होने का आपने जिक्र किया है, उन कार्यों को लेकर किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई है। सोमवार को निर्माण कार्यों को चिह्नित करके नोटिस जारी किया जाएगा। -अजय, एसडीओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
शहर में बनाई जा रही सड़क। संवाद