डहीना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीहा में आयोजित खंड स्तरीय विधिक साक्षरता प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुडौली के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खंड खोल के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बुडौली विद्यालय की स्किट टीम ने खंड स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
क्विज में विद्यालय के विद्यार्थियों ने तीसरा स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय प्रशासन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित कर बधाई दी। विभाग द्वारा बच्चों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से विधिक साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य बच्चों को भविष्य में अपने अधिकारों की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें शोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है।
प्राचार्य विजय कुमार ने कहा कि राजनीति शास्त्र की प्रवक्ता आशा कुमारी जलवा ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य ने उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर लेखराम, महेश कुमार, मीर सिंह, आशा कुमारी, अनीता यादव, संदीप कुमार, सुनीता कुमारी, रेनू, जोगेंद्र सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।