रेवाड़ी। एलओसी (कश्मीर) में घुसपैठियों को मार गिराने वाले कुंडल निवासी थल सेना के सिपाही सचिन चौहान (29) को सेना मेडल के लिए नामित किया गया है। 15 अगस्त को सचिन को सम्मानित किया जाएगा।
सिपाही सचिन ने बताया कि जुलाई 2025 में वे एलओसी पर तैनात थे। इस दौरान एलओसी पार करने की कोशिश कर रहे घुसपैठियों पर उन्होंने फायरिंग की थी। फायरिंग में एक घुसपैठिया मारा गया था जबकि अन्य भाग खड़े हुए थे।
विज्ञापन
सचिन अभी हाल में जब गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया था। कुंडल गांव के पूर्व सरपंच मनोज चौहान ने सचिन को पंचायत गौरव अवाॅर्ड से सम्मानित किया। पूर्व सैनिक सूबेदार सुशील सिंह शेखावत ने सचिन को तलवार भेंट की। पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया था।
पूर्व मंत्री बनवारी लाल ने कहा कि सचिन ने अपनी जान की परवाह न करते हुए दुश्मनों के छक्के छुड़ाए हैं। अहीरवाल की यह धरती वीरों की जननी है और सचिन जैसे युवा हमारे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि सचिन ने कठिन परिस्थितियों में आतंकवादियों को ढेर कर न केवल अपने गांव बल्कि पूरे हरियाणा प्रदेश का मान बढ़ाया है। लोगों ने उनके साहस को गर्व की बात बताई।