रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार की टीम ने क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध काॅलोनी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने सोमवार को रेवाड़ी तहसील में रामगढ़ रोड पर 3 एकड़ में अवैध रूप से विकसित की जा रही अवैध काॅलोनी में 22 डीपीसी, 7 चारदीवारी, दो अवैध टिनशेड को तुड़वा दिया।
जिला प्रशासन की तरफ से नियुक्त ड्यूटी मैजिस्ट्रेट की देखरेख में पुलिस प्रशासन की सहायता से यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने कहा कि नियमों की उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिला नगर योजनाकार मंदीप सिंह सिहाग ने आम जन से अनुरोध किया है कि वे नियंत्रित व शहरी क्षेत्र में कोई भी अवैध निर्माण न करें। प्लाट खरीदने से पहले इस कार्यालय से उस काॅलोनी की वैधता बारे जानकारी ले लें ताकि विभागीय कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बच सकें। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लें। अवैध कालोनी काटने वाले प्रापर्टी डीलर आम जन को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लाट बेच देते हैं। इससे सामान्य जनता को तब पता चलता है जब उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू करने पर कार्रवाई की जाती है। उस समय जिस व्यक्ति द्वारा वह प्लाट खरीदा गया है वह अपने आपको ठगा हुआ महसूस करता है। इसलिए आम जन से बार-बार यही अपील की जाती है कि किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लाट न खरीदें ताकि आम जन की गाढ़ी कमाई बेकार न जाए। कोई भी व्यक्ति प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता बारे जिला नगर योजनाकार कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस को छानबीन कर सकता है।