संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। चौकी गोकल गेट पुलिस ने शहर के मोहल्ला नई आबादी में शराब पीकर हंगामा कर रहे दो युवकों की शिकायत मिलने पर पहुंचे होमगार्ड पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान आजाद नगर निवासी विनोद व राजस्थान के कोटकासिम के गांव आलमपुर निवासी मोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से एक चाकू भी बरामद कर लिया है।
मोहल्ला नई आबादी निवासी अक्षय नामक युवक ने बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे गोकल गेट चौकी पुलिस को शिकायत दी थी कि मोहल्ले के ही रहने वाले मोहित और विनोद नामक युवक उसके घर के पास हंगामा कर रहे हैं। हेडकांस्टेबल सुधीर कुमार और होमगार्ड अनिल कुमार मौके पर पहुंचे थे। वहां पर मोहित और विनोद गाली गलौज कर रहे थे। होमगार्ड अनिल ने उनको समझाना चाहा लेकिन मोहित और विनोद ने उल्टा उनपर ही हमला कर दिया। युवकों ने होमगार्ड अनिल कुमार के सिर में चाकू से वारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस पर चौकी गोकल गेट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास व सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत मेें पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।