संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। भाई-बहन के प्यार का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार बुधवार को जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कहीं बहनों ने भाइयों के घर जाकर उन्हें राखी बांधी तो कहीं भाइयों ने बहन के घर जाकर राखी बंधवाई। बहनों ने भाइयों की कलाई में रक्षा सूत्र बांधा और भाइयों ने उनकी रक्षा करने व साथ निभाने का वचन दिया।
बहनों रक्षा सूत्र बांधने के बाद भाइयों का मुंह मीठा कराया तो भाइयों ने बहनों को उपहार दिए। इसके बाद भाई व बहनों ने घर के बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। दिन में भद्रा होने के कारण घरों में पहले राखी भगवान को समर्पित करने की बाद भाई की कलाई में राखी बांधी गई तो बहुत सी बहनों ने भद्रा बाद भाइयों को राखी बांधी। सबसे अधिक उत्साह बच्चों में दिखा। शहर के गली मुहल्लों में भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना जैसे गीतों की धूम रही।
बाजारों में दिखी रौनक
शहर के मोतीचौक बाजार, गोकल गेट बाजार, नया बाजार, अपना बाजार व माॅडल टाउन सहित अन्य बाजारों में सड़क किनारे रंग-बिरंगे राखी की दुकानें सजी थी। रक्षाबंधन के दिन उपहार, कपड़े और मिठाई की खूब बिक्री हुई। महिलाएं व लड़कियां विभिन्न किस्म की फैंसी राखियां खरीदने में व्यस्त देखी गईं। भाइयों ने अपनी बहनों के लिए साड़ी, सूट समेत अन्य तरह के उपहार खरीदे। पूरे दिन बाजारों में रौनक देखा गया।
लजीज व्यंजनों का भी लोगों ने लिया आनंद
रक्षाबंधन पर घरों में विशेष पकवान तैयार किए गए थे। अवकाश का दिन होने के कारण भाई-बहन और परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ लजीज व्यंजनों का आनंद उठा। अनीता कुमारी का कहना है कि त्योहार को खास बनाने के लिए विशेष पकवान की आवश्यकता होती है। इसके लिए उन्होंने सत्तू की कचौड़ी, चाट, हलवा, मीठा पुलाव, खीर, आइसक्रीम, वेज बिरयानी, मिक्स सब्जी बनाई थी। इसके अलावा बाजार से विभिन्न प्रकार की मिठाई व नमकीन खरीद कर लाई थी। परिवार के सभी सदस्यों ने त्योहार का आनंद उठाया।