धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर धारूहेड़ा थाना के निकट वीरवार को टायर सिसोलिंग की दुकान पर बाॅयलर फट गया। धमाके के साथ हुए विस्फोट से टिनशेड की चद्दरे उड़ गई और दीवार गिर गई। गनीमत रही कि इससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, धारूहेड़ा निवासी अनिल कुमार मिस्त्री ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहन सर्विस सेंटर व टायर सिसोलिंग की दुकान खोली हुई है। वह दुकान पर रोजाना की तरह कार्य रहा था कि इसी बीच अचानक बाॅयलर फट गया। इसके फटने पर दुकान के पास लगीं चद्दरें भी उड़ गई और दीवार गिर गई। अचानक हुए हादसे से हाईवे पर लोग दहल गए। सूचना पाकर थाना धारूहेड़ा थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और न ही कोई बड़ा नुकसान हुआ। जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंच गई थी। दुकान में कुछ नुकसान हुआ है, लेकिन बड़ा हादसा होने से बच गया।