रेवाड़ी। जिले में ब्लैक फंगस के एक नए संदिग्ध मामले के साथ आंकड़ा 19 पर पहुंच गया है। संदिग्ध मरीज को स्वास्थ्य विभाग की ओर से झज्जर मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है। वहीं वीरवार को कोरोना संक्रमण में कुछ राहत दिखाई दी। 349 लोग कोरोना को हराकर ठीक हुए, वहीं 139 नए मामले भी सामने आए।
जिले के लिए राहत भरी खबर यह है कि कोविड से आज किसी की मृत्यु नहीं हुई। जिले में आरटी-पीसीआर व रेपिड एंटिजन के कुल 1607 सैंपल लिए गए। जिले में कोविड संक्रमण के कुल 1182 मामले सक्रिय हैं। इनमें से 962 नागरिक होम आइसोलेट किए हुए हैं। जिला में ब्लैक फंगस के 19 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। जिले में लगातार कोरोना के मामले कम हो रहे हैं, रिकवरी दर भी 94 के पार जा चुकी है। लेकिन अभी भी लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बाजारों में जिस तरह से भीड़ उमड़ रही है यह खतरे की घंटी हो सकती है। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार जागरूक करने के बाद भी कुछ लोगों की लापरवाही भारी पड़ सकती है। ऐसे में जरूरी है कि सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें, तभी कोरोना को मात दी जा सकती है।