संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मूंदी रोड पर सोमवार को कार की टक्कर से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक कार लेकर भाग निकला। हादसे में बाइक चला रहे व्यक्ति को मामूली चोट आई। मामले में पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदम दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बूढ़पुर निवासी महेश कुमार ने बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। 14 अप्रैल को वह मोटरसाइकिल पर पत्नी प्रीति व दो बच्चियों को लेकर ससुराल गांव मूंदी से गांव बूढ़पुर आ रहे थे। जब वह रास्ते में कुछ दूरी पर पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में वह, उनकी पत्नी और दोनों बच्चियां गिर गई। दुर्घटना में पत्नी प्रीति गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका उठाकर सड़क के किनारे किया। प्रीति के सिर पर काफी चोटें लगी हुई थी जिससे खून भी बह रहा था। महेश और बच्चियों को मामूली चोट आई थी।
आसपास के लोगों ने किसी तरह से घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया गया, जहां पर प्रीति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार चालक भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।