रेवाड़ी। हैप्पी कार्ड प्राप्त करने के लिए बहुत ही कम संख्या में लाभार्थी पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए विभाग भी काफी परेशान है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को घर-घर जाकर पहुंचाने का प्रशासन ने निर्णय लिया है। खुद डीसी ने भी इस बात को माना है कि लोग हैप्पी कार्ड लेने के लिए नहीं आ रहे हैं।
19 फरवरी को औलांत, दखौरा, भगवानपुर (कंवाली), पाली, गोठड़ा में हैप्पी कार्ड वितरित किए जाएंगे। 20 फरवरी को मूंदी व बठेड़ा, कारोली, बिसोहा, अहरोद, कोलाना, ढ़ाणी शोभा और 21 फरवरी को डहीना, जैनाबाद, नेहरूगढ़, भाकली, मामड़िया, कढु, गोपालपुर (प्राणपुरा) और 22 फरवरी को मन्दौला, निमोठ, रतनथल, सुखपुरा, चिताडुंगरा, भाण्डोर, बवाना गुर्जर व माखरिया में हैप्पी कार्ड वितरित किए जाएंगे। मंगलवार को सीहा, सुधराना, जुड्डी, टींट, कुण्डल, हरजीपुर व सुन्दरोज में लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड वितरित किए गए हैं।
हैप्पी कार्ड को लेकर लोगों में पिछले वर्ष हो गया था भ्रम पैदा :
बता दें कि हैप्पी कार्ड को लेकर लोगों में पिछले वर्ष भ्रम पैदा हो गया था। पिछले वर्ष यह बात सामने आई थी कि कुछ कार्ड कभी-कभी रोडवेज की ई-टिकटिंग मशीन में कार्य नहीं करते थे, यात्रियों को रोडवेज की बस का पूरा 100 प्रतिशत किराया चुकाना होता था। ऐसे में जिन यात्रियों के पास हैप्पी कार्ड थे, वे कार्ड सपोर्ट न करने पर किराया देने से इंकार देते थे। तब महाप्रबंधक ने बस में हैप्पी कार्ड के ई-टिकटिंग मशीन में सपोर्ट न करने की अवस्था में यात्री को समझाकर किराया लेने के निर्देश जारी किए थे, जिसको लेकर बाकायदा नोटिस भी चस्पा किए गया था। हालांकि, बाद में तकनीकी समस्या को दुरुस्त कर दिया गया था। व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू हो गई थी।
1000 किलोमीटर का उठा सकते हैं लाभ:
हरियाणा सरकार की तरफ से प्रदेश के नागरिकों के लिए हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी कार्ड) योजना शुरू की हुई है। डीसी ने बताया कि सभी लाभार्थी अपना आधार कार्ड व मोबाइल, जिसमें हैप्पी कार्ड ओटीपी हो साथ लेकर आए और अपना हैप्पी कार्ड प्राप्त कर हरियाणा रोडवेज की बसों में 1000 किमी तक मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकते हैं।