शहर के कानोड गेट के निकट स्थित एक न्यूरो अस्पताल में युवक की मौत हो गई। युवक एक झगड़े में घायल हो गया था तथा करीब एक माह से अस्पताल में भर्ती था। युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही करने व 15 लाख रुपये उनसे लेने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। क्षेत्र के गांव अलावलपुर में करीब एक माह पूर्व कुछ युवकों के बीच झगड़ा हो गया था। इस झगड़े में भिवाड़ी के गांव खिजूरी निवासी राहुल को सिर में गहरी चोट लगी थी। राहुल को कानोड गेट के निकट स्थित एक न्यूरो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवक के परिजनों का कहना है कि करीब एक माह एक दिन से राहुल अस्पताल में भर्ती था तथा चिकित्सक लगातार आश्वासन दे रहे थे कि उनका बेटा पूरी तरह से ठीक है। एक माह आइसीयू में रखने व 15 लाख लेने के बाद भी उनका बेटा ठीक नहीं हुआ। सोमवार को राहुल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। आरोप है कि बेटे के मरने के बाद भी चिकित्सक ने 1 लाख रुपये जमा कराने के लिए कहा। चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी। शहर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है