संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सांग सम्राट व लोक कवि मास्टर नेकीराम की रागनियों से उनका नाम हटाने वाले बाबूदान सिंह के कार्यक्रमों पर हरियाणा कला परिषद ने रोक लगा दी है।
मास्टर नेकीराम साहित्य एवं लोकनाट्य कला संरक्षण परिषद और सरपंच ग्राम पंचायत जैतड़ावास की ओर से हरियाणा कला परिषद के निदेशक को लिखित शिकायत भेजी गई थी। इसे संज्ञान में लेते हुए हरियाणा कला परिषद ने उसके कार्यक्रमों पर रोक लगाई है। हरियाणा कला परिषद के निदेशक नागेंद्र शर्मा ने बताया कि उनके पास बाबूदान सिंह की पहले भी शिकायत आ चुकी है। बाबूदान ने हरियाणवी संस्कृति की दुर्दशा के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया जो अनुचित है। उन्होंने कहा कि हम खुशनसीब हैं कि हमारे हरियाणा के सांग कलाकार ऐसा व्यवहार नहीं करते। हरियाणा के जो सांगी हैं, उन्हें पता है इसलिए वह अपनी सांग परंपरा को बहुत अच्छे से निभाते हैं। बाबूदान सिंह की पहले भी शिकायत आई थी इसलिए अब उनके कार्यक्रम देने बंद कर दिए हैं। प्रदेश के लोक कवि मास्टर नेकीराम की रचनाओं से इसके द्वारा उनका नाम हटाना और हटवाना निंदनीय है। सांग सम्राट मास्टर नेकीराम साहित्य कला मंच के पदाधिकारियों और साहित्य प्रेमियों ने हरियाणा कला परिषद का आभार जताया है।