कोसली-भाकली विवाद में सोमवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब कुछ शरारती तत्वों ने रविवार रात के समय गांव भाकली की पंचायत की ओर से कोसली-भाकली सीमा पर वर्षाें पूर्व लगाया गया स्वागत बोर्ड उखाड़ दिया। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है।
सोमवार सुबह जैसे ही भाकली के ग्रामीणाें को स्वागत बोर्ड उखाडे़ जाने की सूचना मिली तो वे बोर्ड देखने के लिए मौके की तरफ दौड़ पडे़ और स्थिति का जायजा लेने के बाद थाना कोसली पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस बल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी ब्रह्म सिंह ने भी स्थिति का जायजा लिया। माहौल को देखते हुए एहतियातन कोसली के बाजार में एक बार फिर से पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव भाकली के छाजूराम प्रधान, राय सिंह, मोहर सिंह, पूर्व सरपंच योगी सहित अन्य ने बताया कि वे इस विषय में कोई हिंसात्मक कदम नहीं उठाएंगे। केवल कानूनी कार्रवाई में विश्वास रखते हैं और इस संबंध में थाना कोसली में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी है।
उधर, कोसली थाना प्रभारी ब्रह्म सिंह ने बताया कि उनके पास स्वागत बोर्ड उखाड़ने के संबंध भाकली के लोगों की शिकायत मिल चुकी है, जिस पर मौका मुआयना किए जाने के बाद बोर्ड उखाड़ने वाले असामाजिक तत्वाें का पता किया जा रहा है। गांव भाकली के लोगाें से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। इसके अवाला कोसली बाजार में अहतियात के तौर पर पुलिस गश्त बढ़ा दी है।