भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के दक्षिण हरियाणा स्थित एकमात्र सरकारी रीजनल सेंटर, कृष्ण नगर में रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में एचआईवी एड्स के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कनविनर डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ रेवाड़ी सिविल अस्पताल से आईं एसएमओ डॉ. कंचन यादव ने किया। उन्होंने कहा कि एचआईवी एड्स से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरुकता है और युवाओं को इसमें अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। वहीं शिव हार्ट केयर से डॉ. शिवरत्न यादव ने एचआईवी संक्रमण, बचाव, समय पर जांच और इलाज को लेकर जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव नहीं बल्कि सहयोग की भावना रखनी चाहिए। काउंसलर सुमन यादव, सोनिया और रजनी ने भी सामाजिक भ्रांतियों, मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षित व्यवहार पर अपने विचार साझा किए। साथ ही टोल-फ्री हेल्पलाइन 1097 की जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक किया गया।
इस दौरान पोस्टर, स्लोगन, रंगोली व वॉल डेकोरेशन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं जिनमें छात्राओं ने जानकारी ही बचाव है और भेदभाव नहीं, सहयोग जैसे संदेश दिए। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। रीजनल सेंटर निदेशक डॉ. यशपाल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मौके पर डॉ. अंजलि पांचाल, डॉ. सोनिया यादव, डॉ. पूजा यादव, नीलम यादव, डॉ. अनिता देवी, डॉ. रीनू यादव, डॉ. सुनिता यादव आदि मौजूद रहे।